“देश तो जानता है आप नंगे हैं!” AI समिट में कांग्रेस के ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन पर पीएम मोदी का तीखा प्रहार

दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए ‘शर्टलेस’ विरोध प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कड़ी आपत्ति जताई है। रविवार को मेरठ में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने इस घटना को “गंदी और नग्न राजनीति” करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी घटिया राजनीति के लिए देश की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को दांव पर लगा रही है।
देश के गौरव पर चोट: पीएम मोदी ने मेरठ की जनता से सवाल किया, “क्या आपको एआई समिट पर गर्व नहीं है? ८० से अधिक देशों के प्रतिनिधि और २० देशों के राष्ट्राध्यक्ष भारत आए थे। लेकिन कांग्रेस और उनके इकोसिस्टम ने क्या किया? उन्होंने विदेशी मेहमानों के सामने कपड़े उतारकर हंगामा किया।” पीएम ने तंज कसते हुए कहा, “मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं, पूरा देश जानता है कि आप वैचारिक रूप से पहले से ही नंगे हैं, तो फिर कपड़े उतारने की क्या जरूरत थी?”
मोदी विरोध में देश का अपमान: प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता मोदी से नफरत करते-करते अब देश से नफरत करने लगे हैं। उन्होंने कहा, “वे मेरी कब्र खोदना चाहते हैं, मेरी मां को अपमानित करते हैं। एआई समिट बीजेपी का कार्यक्रम नहीं था, यह देश का आयोजन था।” पीएम ने जोर देकर कहा कि आज दुनिया भारत की तकनीकी प्रगति का लोहा मान रही है, जबकि कांग्रेस इसे वैश्विक मंच पर शर्मिंदा करने में जुटी है। उन्होंने कांग्रेस को देश पर एक ‘बोझ’ बताया।