“भारत टैक्स देगा, अमेरिका नहीं—क्या यही है मोदी की सफलता?” पी. चिदंबरम का सरकार पर तीखा हमला

पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर करारा प्रहार किया है। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा ‘रेसिप्रोकल टैरिफ’ को अवैध घोषित किए जाने के बावजूद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर फिर से १०% और अब १५% टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। चिदंबरम ने सवाल उठाया कि क्या भारत का एकतरफा शुल्क देना ही मोदी सरकार की ‘ऐतिहासिक’ सफलता है?
ट्रंप की ‘स्मार्ट’ टिप्पणी पर बवाल: चिदंबरम ने ट्रंप के उस बयान का हवाला दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि “पीएम मोदी एक महान और स्मार्ट व्यक्ति हैं, लेकिन पहले वे हमसे बहुत पैसा ले रहे थे, इसलिए अब भारत हमें टैरिफ देगा और हम कुछ नहीं देंगे।” इस पर तंज कसते हुए चिदंबरम ने पूछा, “क्या यही वो आपसी संबंध है जिसका वादा संयुक्त बयान में किया गया था?” उन्होंने बीजेपी समर्थित उन विश्लेषकों की भी आलोचना की जो इस टैरिफ नीति को सही ठहराने की कोशिश कर रहे हैं।
भारतीय निर्यात पर संकट: चिदंबरम ने चेतावनी दी कि इस टैरिफ युद्ध के कारण अमेरिका में भारतीय निर्यात बुरी तरह प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया ट्रंप के फैसले की आलोचना कर रही है, लेकिन भारत सरकार इसे अपनी जीत बता रही है। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने भी बजट सत्र के दौरान इस समझौते को लेकर सरकार को घेरा था।