सुपर-8 में टीम इंडिया का बड़ा दांव! उप-कप्तान अक्षर पटेल प्लेइंग इलेवन से बाहर!

सुपर-8 के अपने पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने सबको चौंकाते हुए उप-कप्तान अक्षर पटेल को टीम से बाहर रखा है। अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जा रहे इस अहम मैच में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पिछले मैच की प्लेइंग इलेवन पर ही भरोसा जताया है। वाशिंगटन सुंदर की जगह अक्षर की वापसी की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन टॉस के समय सूर्या ने साफ कर दिया कि टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस की किस्मत दक्षिण अफ्रीकी कप्तान एडेन मार्कराम के पक्ष में रही। उन्होंने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, सूर्यकुमार यादव ने टॉस के बाद कहा कि अगर वे टॉस जीतते तो वे भी पहले बल्लेबाजी ही चुनते। पिच की स्थिति को देखते हुए भारत को अब लक्ष्य का पीछा करना होगा, जो इस मैदान पर चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

दक्षिण अफ्रीका ने इस मैच के लिए अपनी टीम में चार बड़े बदलाव किए हैं। केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, मार्को जानसन और डेविड मिलर जैसे दिग्गजों की वापसी हुई है। प्रोटीज टीम ने भारत के खिलाफ अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। अब देखना यह है कि बिना किसी बदलाव के उतरी भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के इन धाकड़ खिलाड़ियों का सामना कैसे करती है और क्या सेमीफाइनल की राह आसान बना पाती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *