रेलवे लाइन पार करते ही सामने आए यमराज! वर्धमान स्टेशन पर ‘चित्रगुप्त’ ने खोल दी फाइल

अगर आप भी जल्दीबाजी में बंद रेलवे गेट के नीचे से निकलकर या पटरी पार करने की कोशिश करते हैं, तो सावधान हो जाइए! हावड़ा डिवीजन के विभिन्न स्टेशनों पर अब यमराज अपनी गदा लेकर आपका इंतजार कर रहे हैं। उनके साथ चित्रगुप्त भी हैं, जो नियमों का उल्लंघन करने वालों का हिसाब-किताब डायरी में नोट कर रहे हैं। दरअसल, यह रेलवे द्वारा यात्रियों को जागरूक करने का एक बेहद अनोखा और प्रभावी तरीका है।
क्या है पूरा मामला? रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक, हावड़ा डिवीजन में हर महीने औसतन 50 लोग रेल की चपेट में आने से अपनी जान गंवा देते हैं। जुर्माना लगाने के बावजूद लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे थे। ऐसे में डीआरएम विशाल कपूर की पहल पर यह अभियान शुरू किया गया है। जब भी कोई यात्री वर्धमान या गांगपुर जैसे स्टेशनों पर अवैध रूप से पटरी पार करता है, तो भारी-भरकम मूंछों वाले यमराज अचानक सामने आ जाते हैं और कहते हैं, “जब आप खुद ही जान देने पर तुले हैं, तो चलिए मैं ही आपको साथ ले चलता हूं।”
बदल रही है सोच: यमराज के रूप में मौजूद रेलकर्मी देवदूत विश्वास ने बताया कि इस अभियान का मकसद लोगों को डराना नहीं, बल्कि उन्हें यह एहसास दिलाना है कि उनकी एक छोटी सी गलती जानलेवा साबित हो सकती है। अचानक यमराज को सामने देखकर यात्री न सिर्फ चौंक रहे हैं, बल्कि अपनी गलती मानकर भविष्य में ऐसी जोखिम न उठाने की कसम भी खा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने रेलवे की इस ‘यमराज वाली क्लास’ की जमकर तारीफ की है और उम्मीद जताई है कि इससे हादसों में कमी आएगी।