बंगाल में अबकी बार बदलाव तय! रेखा गुप्ता ने ममता सरकार की विदाई की कर दी भविष्यवाणी

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रविवार को कोलकाता पहुंचीं और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए रेखा गुप्ता ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बंगाल से तृणमूल कांग्रेस का शासन खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अब बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है।
रेखा गुप्ता ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा, “बंगाल में आतंकवाद, गुंडागर्दी और लालच की राजनीति का अंत निकट है। यहाँ माँ-बहनों की गरिमा खतरे में है, लोगों के घर जलाए जा रहे हैं और जनता को लूटा जा रहा है।” उन्होंने घुसपैठ के मुद्दे पर ममता बनर्जी को घेरते हुए कहा कि ममता भले ही घुसपैठियों के पीछे छिपने की कोशिश करें, लेकिन वे जनता की आवाज को दबा नहीं पाएंगी।
कालीघाट में दर्शन के बाद रेखा गुप्ता ने साइंस सिटी ऑडिटोरियम में बीजेपी महिला मोर्चा द्वारा आयोजित एक भव्य सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी और प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य भी मौजूद थे। रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि बीजेपी बंगाल में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को अपना मुख्य चुनावी मुद्दा बनाएगी।