चेन्नईयिन के खिलाफ लोबेरा का ‘अटैकिंग’ प्लान! क्या प्रीतक कोटल की दीवार तोड़ पाएगी मोहन बागान?

केरल ब्लास्टर्स के खिलाफ जीत के साथ अपने आईएसएल (ISL) सफर की शुरुआत करने वाली मोहन बागान सुपर जायंट अब सोमवार को चेन्नईयिन एफसी से भिड़ने के लिए तैयार है। कोच सर्जियो लोबेरा इस मैच को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरत रहे हैं। उन्होंने साफ किया है कि जीत के साथ-साथ फुटबॉल की गुणवत्ता (quality) में भी सुधार जरूरी है। लोबेरा की रणनीति आक्रामक फुटबॉल खेलकर चेन्नईयिन की चुनौती को शुरू से ही ध्वस्त करने की है।
लोबेरा का मानना है कि इस बार लीग छोटी है, इसलिए हर मैच महत्वपूर्ण है। उन्होंने विरोधियों की तैयारी कम होने वाली बातों को खारिज करते हुए कहा कि हर टीम पूरी तैयारी के साथ उतर रही है। चेन्नईयिन एफसी की टीम में प्रीतम कोटल और अंकित मुखर्जी जैसे खिलाड़ी हैं, जो कोलकाता के फुटबॉल और मोहन बागान की रग-रग से वाकिफ हैं। प्रीतम की कप्तानी में ही बागान ने पहले आईएसएल खिताब जीता था, इसलिए उनका सामना करना आसान नहीं होगा।
टीम के लिए मुख्य चिंता खिलाड़ियों की फिटनेस है। पिछले मैच में ६० मिनट के बाद खिलाड़ी थके हुए नजर आए थे, जिस पर लोबेरा ने अभ्यास सत्र के दौरान काफी काम किया है। रोबसन रॉबिन्हो, जेमी मैकलारेन और दिमित्री पेट्रातोस की तिकड़ी पर एक बार फिर गोल करने की जिम्मेदारी होगी। हालांकि, मिडफील्ड में विदेशी खिलाड़ियों की कमी के कारण भारतीय मिडफील्डरों को गेंद की सप्लाई बेहतर करनी होगी। क्या लोबेरा का यह आक्रामक दांव सोमवार को कामयाब होगा? फैंस को इसका बेसब्री से इंतजार है।