बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद डर का माहौल! जान बचाकर भारत आए 6 लोग, साल भर बाद गिरफ्तार

बांग्लादेश में हालिया राजनीतिक बदलाव और असुरक्षा के डर से भारत में शरण लेने आए एक हिंदू परिवार के 6 सदस्यों को कूचबिहार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये लोग पिछले एक साल से मथाभांगा के दक्षिण भांगा मोड़ इलाके में छिपकर रह रहे थे। पुलिस ने इन बांग्लादेशी नागरिकों के साथ-साथ इन्हें शरण देने वाले स्थानीय निवासी संजीत चौधरी को भी पकड़ लिया है।
पुलिस जांच में पता चला है कि यह परिवार कूचबिहार सीमा से नहीं, बल्कि मेघालय सीमा के रास्ते भारत में दाखिल हुआ था। इनका इरादा भारत में स्थायी रूप से बसने और धीरे-धीरे भारतीय पहचान पत्र बनवाने का था। शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस ने संजीत चौधरी के घर पर छापेमारी कर सभी को हिरासत में लिया। मथाभांगा कोर्ट ने इन सभी को 6 मार्च तक जेल भेजने का आदेश दिया है।
गिरफ्तार लोगों में तीन नाबालिग भी शामिल हैं। पूछताछ में परिवार ने बताया कि वे बांग्लादेश में खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे थे, इसलिए जान बचाकर भारत भाग आए। इससे पहले भी मथाभांगा में एक ऐसी ही गिरफ्तारी हुई थी, जहां आरोपी महिला ने CAA के तहत आवेदन कर हाई कोर्ट से जमानत ली थी। अब देखना यह है कि इस मामले में कानून क्या रुख अपनाता है।