ओला-उबर नहीं, अब ड्राइवर खुद होंगे मालिक! ‘भारत टैक्सी’ ऐप को लेकर अमित शाह का बड़ा ऐलान

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोमवार को दिल्ली में ‘भारत टैक्सी’ ऐप के चालकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने एक क्रांतिकारी बात कही—”इस सहकारिता मॉडल में मुनाफा किसी कंपनी के मालिक के पास नहीं, बल्कि सीधे उन ड्राइवरों की जेब में जाएगा जो मेहनत कर रहे हैं।”
अमित शाह ने कहा कि पारंपरिक कैब एग्रीगेटर कंपनियां ड्राइवरों की कमाई का करीब ३०% हिस्सा कमीशन के तौर पर काट लेती हैं। ‘भारत टैक्सी’ इस प्रथा को खत्म करेगा। उन्होंने जोर देकर कहा, “अन्य ऐप का लक्ष्य अपने मालिकों को अमीर बनाना है, लेकिन हमारा लक्ष्य आप ड्राइवरों को अमीर बनाना है क्योंकि यहाँ मालिक आप खुद हैं।”
कई बड़े संस्थानों के साथ समझौता: इस सेवा को बेहतर बनाने के लिए दिल्ली मेट्रो, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ करार किए गए हैं। दिल्ली के प्रमुख मेट्रो स्टेशनों और एयरपोर्ट के टर्मिनलों पर भारत टैक्सी के लिए विशेष स्टैंड होंगे। साथ ही, डिजिटल इंडिया के तहत ड्राइवरों के दस्तावेज पेपरलेस होंगे और सुरक्षा के लिए रीयल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम भी काम करेगा।