रूबी के पास आलीशान अपार्टमेंट में अग्निकांड: किचन से निकला धुआं और मच गई भगदड़, सुरक्षित हैं सितारे

कोलकाता में एक बार फिर आग का तांडव देखने को मिला है। रूबी अस्पताल के पास स्थित एक पॉश आवासीय परिसर की पांचवीं मंजिल पर सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। इस वीआईपी सोसाइटी में टॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री पायल सरकार और उभरती कलाकार लहमा भट्टाचार्य सहित बंगाली फिल्म उद्योग की कई नामी हस्तियां रहती हैं।

बताया जा रहा है कि आग पांचवीं मंजिल के एक फ्लैट में एयर कंडीशनर (AC) में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। देखते ही देखते काला धुआं पूरी बिल्डिंग में फैल गया, जिससे निवासियों में हड़कंप मच गया। पायल सरकार, जो सातवीं मंजिल पर रहती हैं, ने बताया कि उनकी रसोइया ने सबसे पहले रसोई की खिड़की के बाहर घना धुआं देखा। घबराहट में पायल तुरंत नीचे की ओर भागीं।

पायल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “शुरुआत में किसी को कुछ समझ नहीं आया। जब मेरी कुक ने धुआं दिखाया, तब हमें खतरे का एहसास हुआ। पूरा टावर काले धुएं की चादर से ढक गया था। आग लगने के करीब 40 मिनट बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।” हालांकि, अब आग पर काबू पा लिया गया है और सभी कलाकार सुरक्षित अपने घरों में लौट आए हैं।

30वीं मंजिल पर अपने माता-पिता के साथ रहने वाली अभिनेत्री लहमा भट्टाचार्य भी पूरी तरह सुरक्षित हैं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही टॉलीगंज की एक इमारत में ऐसी ही आग लगी थी, जिसमें नुसरत जहां और यश दासगुप्ता को अपनी जान बचाने के लिए बच्चों के साथ सड़क पर उतरना पड़ा था। बार-बार होती इन घटनाओं ने कोलकाता की हाई-राइज बिल्डिंगों में फायर सेफ्टी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *