तमिलनाडु की फाइनल वोटर लिस्ट जारी! ७४ लाख नाम कटे, युवाओं की संख्या में भारी उछाल

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच चुनाव आयोग ने सोमवार को राज्य की अंतिम मतदाता सूची (Final Voter List) जारी कर दी है। विशेष गहन संशोधन (SIR) प्रक्रिया के बाद इस सूची में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। आंकड़ों के मुताबिक, विभिन्न कारणों से सूची से ७४ लाख से अधिक नाम हटा दिए गए हैं, जबकि २७.५३ लाख नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं।
संशोधन से पहले राज्य में ६.४१ करोड़ मतदाता थे, जो अब घटकर ५.६७ करोड़ रह गए हैं। नई सूची में युवाओं की भागीदारी काफी उत्साहजनक है, जिसमें १८ से १९ वर्ष की आयु के लगभग १२.५ लाख नए मतदाता शामिल हुए हैं। लिंग अनुपात के मामले में तमिलनाडु में महिला मतदाताओं का दबदबा बरकरार है। कुल ५.६७ करोड़ वोटरों में से २.८९ करोड़ महिलाएं और २.७७ करोड़ पुरुष हैं, जबकि ७,६१७ मतदाता तीसरे लिंग (Third Gender) से संबंधित हैं।
शोलिंगनल्लूर विधानसभा क्षेत्र राज्य का सबसे बड़ा निर्वाचन क्षेत्र बनकर उभरा है, जहाँ ५.३६ लाख से अधिक मतदाता हैं। पश्चिम बंगाल सहित जिन पांच राज्यों में चुनाव होने वाले हैं, उनमें तमिलनाडु की इस नई सूची को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि युवाओं और महिला वोटरों की यह बड़ी संख्या सत्ता की चाबी तय करने में अहम भूमिका निभाएगी।