तमिलनाडु की फाइनल वोटर लिस्ट जारी: ७० लाख नाम हटे, २७ लाख नए मतदाता जुड़े

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने सोमवार को राज्य की अंतिम मतदाता सूची (Final Electoral Roll) जारी कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना पटनायक ने बताया कि ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) के बाद सूची में बड़े बदलाव हुए हैं। राज्य में अब कुल मतदाताओं की संख्या ५.६७ करोड़ से अधिक है, जिनमें महिलाओं की संख्या पुरुषों की तुलना में लगभग १२ लाख अधिक है।
इस बार की प्रक्रिया में लगभग ७० लाख अपात्र मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं, जबकि २७ लाख नए युवाओं (१८-१९ वर्ष) ने अपना नाम दर्ज कराया है। आयोग ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची को अपडेट करना एक निरंतर प्रक्रिया है और नामांकन के आखिरी दिन तक नाम जोड़ने या सुधारने के लिए आवेदन (फॉर्म ६, ७, ८) किए जा सकते हैं। तमिलनाडु में सूची जारी होने के बाद अब पश्चिम बंगाल में भी अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तैयारी तेज हो गई है।