बेंगलुरु में शर्मनाक! वैलेंटाइन डे पर प्रेमी ने दोस्त के साथ मिलकर किया गैंगरेप, वीडियो बनाकर मांगे 20 लाख

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक रूह कपा देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ ‘वैलेंटाइन डे’ के मौके पर एक १९ वर्षीय कॉलेज छात्रा के साथ उसके प्रेमी और उसके दोस्त ने मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के एक हफ्ते बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर अमृतहल्ली थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता बेंगलुरु के एक प्रतिष्ठित कॉलेज की छात्रा है। कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी मुलाकात डिक्सन नाम के एक युवक से हुई थी, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई। १४ फरवरी को डिक्सन ने छात्रा को एक लग्जरी विला में पार्टी के लिए बुलाया था। वहां डिक्सन का दोस्त निखिल भी मौजूद था।

शिकायत में बताया गया है कि पार्टी के दौरान आरोपियों ने छात्रा को नशीला पदार्थ मिला हुआ ड्रिंक पिलाया। जब वह बेहोश हो गई, तो डिक्सन और निखिल ने उसके साथ गैंगरेप किया। दरिंदों ने इस घिनौनी वारदात का वीडियो भी बना लिया। होश आने पर आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी और पीड़िता से २० लाख रुपये की फिरौती मांगी।

यह मामला तब सामने आया है जब पिछले साल भी बेंगलुरु में पश्चिम बंगाल की एक महिला के साथ पांच लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था और लूटपाट मचाई थी। बेंगलुरु पुलिस के अधिकारी सीके बाबा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस डिक्सन और निखिल की तलाश में छापेमारी कर रही है। पीड़िता फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *