स्नूकर क्लब में खूनी खेल! सहपाठियों ने दोस्त की उंगलियां काटी, रील बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज एक थप्पड़ का बदला लेने के लिए दो किशोरों ने अपने ही सहपाठी पर जानलेवा हमला कर दिया। 10वीं कक्षा के एक छात्र को महज 30 सेकंड के भीतर 27 बार चाकू से गोदा गया। वारदात की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हमले में पीड़ित की उंगलियां कट गईं और शरीर पर अनगिनत घाव आए हैं।
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी और पीड़ित एक ही कोचिंग सेंटर में पढ़ते थे। कुछ दिन पहले एक स्नूकर क्लब में खेल के दौरान उनके बीच विवाद हुआ था, जिसमें पीड़ित छात्र ने दोनों आरोपियों को थप्पड़ मार दिया था। इसी रंजिश में आरोपियों ने बदला लेने की योजना बनाई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि आरोपी फिल्म स्टाइल में क्लब में घुसते हैं और पीड़ित पर चाकुओं से हमला कर देते हैं। उसके कंधे, पीठ और कलाई पर गहरे जख्म हैं।
हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने इस खूनी वारदात का वीडियो खुद सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसे देखकर लोग दंग हैं। गौतम नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सब-इंस्पेक्टर मणिपाल सिंह भदौरिया ने बताया कि फिलहाल आरोपियों को नोटिस देकर छोड़ा गया है क्योंकि वे नाबालिग हैं, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद सख्त धाराएं जोड़ी जाएंगी। घायल छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है।