अरुणाचल में पर्यटकों की गुंडागर्दी: नियम तोड़ा और विरोध करने पर की नस्लीय टिप्पणी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

अरुणाचल प्रदेश की दिबांग घाटी में घूमने गए गुजरात के एक परिवार पर रिज़ॉर्ट कर्मचारियों के साथ बदसलूकी और गाली-गलौज करने का गंभीर आरोप लगा है। ‘मिशमी हिल्स रिज़ॉर्ट’ में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, देवेंद्र कुमार पटेल का परिवार १८ फरवरी से रिज़ॉर्ट में ठहरा था। रिज़ॉर्ट के नियमों के मुताबिक बाहर से खाना या शराब लाना मना था, लेकिन २० फरवरी को परिवार ने नियम तोड़कर शराब पीना शुरू कर दिया। जब रिज़ॉर्ट की महिला कर्मचारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आस्था पटेल और ध्रुव पटेल ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोपियों ने कर्मचारियों पर नस्लीय टिप्पणियां कीं और रिज़ॉर्ट का साइनबोर्ड भी तोड़ दिया।
हैरानी की बात यह है कि नशे में धुत पर्यटकों ने रिलायंस जैसे बड़े औद्योगिक समूह के साथ अपने ‘ऊंचे संपर्कों’ का हवाला देकर कर्मचारियों को धमकाया। रिज़ॉर्ट के मैनेजिंग डायरेक्टर चिमी लिंगी ने बताया कि इस घटना से कर्मचारी डरे हुए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी २१ फरवरी की सुबह रिज़ॉर्ट छोड़कर चले गए हैं, पुलिस उनकी तलाश कर रही है।