टेनिस कोर्ट पर फिर लौटेगी सेरेना विलियम्स! 44 की उम्र में वापसी की खबर ने खेल जगत में मचाई खलबली

टेनिस इतिहास की सबसे महान खिलाड़ियों में से एक, सेरेना विलियम्स एक बार फिर कोर्ट पर वापसी करने के लिए तैयार दिख रही हैं। उनके पूर्व कोच रिक मैकी ने खुलासा किया है कि ४४ वर्षीय सेरेना ने अभ्यास शुरू कर दिया है और वह पेशेवर टेनिस में वापसी करने की पूरी योजना बना रही हैं। हालांकि सेरेना ने खुद अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन उनके करीबी सूत्रों और ट्रेनिंग शेड्यूल ने वापसी के संकेत दे दिए हैं।

सितंबर २०२२ में यूएस ओपन के बाद टेनिस को अलविदा कहने वाली सेरेना ने पिछले साल अपना नाम डोपिंग टेस्ट लिस्ट में फिर से दर्ज कराया है। यह किसी भी खिलाड़ी की वापसी का पहला और सबसे अहम कदम माना जाता है। कोच मैकी के अनुसार, सेरेना वर्तमान में एलिसिया पार्क जैसे युवा खिलाड़ियों के साथ अभ्यास मैच खेल रही हैं। मैकी का मानना है कि सेरेना केवल डबल्स खेलने के लिए नहीं, बल्कि पूरी ताकत के साथ सिंगल्स में भी उतर सकती हैं।

उल्लेखनीय है कि सेरेना की बड़ी बहन वीनस विलियम्स पहले ही कोर्ट पर वापसी कर चुकी हैं और ४५ साल की उम्र में इस साल का ऑस्ट्रेलियन ओपन भी खेल चुकी हैं। कोच मैकी, जिन्होंने बचपन में दोनों बहनों को ट्रेनिंग दी थी, कहते हैं कि अगर सेरेना को लगता है कि वह जीत सकती हैं, तो वह जरूर खेलेंगी। टेनिस की दुनिया अब अपनी ‘क्वीन’ को फिर से रैकेट थामे देखने का इंतजार कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *