ट्रंप के टैरिफ का धमाका! इंदौर में चांदी ५,००० रुपये उछली, सोना भी १.५८ लाख के पार!

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा वैश्विक शुल्कों (Tariffs) की घोषणा और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने सर्राफा बाजार में तहलका मचा दिया है। सोमवार को इंदौर के बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखा गया। ट्रंप की नई आयात नीतियों के कारण निवेशकों में अफरा-तफरी का माहौल है, जिसका सीधा असर भारतीय बाजारों पर पड़ रहा है।
इंदौर में सोमवार को कैडबरी सोने का भाव ९०० रुपये बढ़कर १,५८,००० रुपये प्रति १० ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, चांदी के दाम में ५,००० रुपये की बड़ी बढ़त दर्ज की गई, जिससे यह २,६२,००० रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर जा पहुंची। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कॉमेक्स (COMEX) में सोना ५,१५१ डॉलर और चांदी ८६.७३ डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि ट्रंप द्वारा वैश्विक आयात पर १० से १५ प्रतिशत तक कर लगाने की संभावना और अमेरिका की सुस्त आर्थिक रफ्तार ने सोने को एक सुरक्षित निवेश (Safe Haven) बना दिया है। आपूर्ति श्रृंखला में संभावित व्यवधान के डर से कीमतों में तेजी बनी हुई है। हालांकि, इंदौर के सर्राफा बाजार में कीमतें बढ़ने से ग्राहकी कमजोर नजर आ रही है और फुटकर मांग में भारी गिरावट देखी गई है।