हल्द्वानी हादसे पर गिरी गाज! बुजुर्ग की मौत के बाद ट्रैफिक इंस्पेक्टर लाइन हाजिर, पुलिस महकमे में हड़कंप

हल्द्वानी के पनचक्की क्षेत्र में सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत के बाद पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजूनाथ टीसी ने यातायात प्रबंधन में गंभीर लापरवाही बरतने पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर हल्द्वानी महेश चंद्रा को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। इस सख्त फैसले से पूरे विभाग में खलबली मच गई है।
बता दें कि को कोतवाली क्षेत्र के पनचक्की इलाके में सड़क पर बने गड्ढों के कारण एक बुजुर्ग ट्रक की चपेट में आ गए थे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय जनता में जबरदस्त आक्रोश था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने पहले ही मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं, जिसकी जिम्मेदारी सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपी गई है।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी की समीक्षा में पाया गया कि शहर में नो-एंट्री व्यवस्था और भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने में ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह विफल रही। ट्रैफिक प्लान के अनुरूप व्यवस्था सुचारू नहीं थी, जिसका नतीजा इस भयावह हादसे के रूप में सामने आया। अब एसपी सिटी हल्द्वानी इस मामले की विस्तृत जांच करेंगे कि नो-एंट्री नियमों और ड्यूटी चार्ट के पालन में कहां चूक हुई। जांच रिपोर्ट के आधार पर भविष्य में और भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।