झारखंड निकाय चुनाव में धांधली का आरोप! पुलिस के साये में फर्जी वोटिंग और मतदाताओं को धमकी—आदित्य साहू

झारखंड के ४८ नगर निकायों में मतदान संपन्न होने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने राज्य सरकार और निर्वाचन आयोग पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने मतदाताओं का आभार व्यक्त किया, लेकिन साथ ही चेतावनी दी कि यदि मतगणना को प्रभावित करने की कोशिश की गई, तो भाजपा कार्यकर्ता ईंट से ईंट बजा देंगे।
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि प्रशासन पूरी तरह से एक ‘विशेष समुदाय’ के पक्ष में काम कर रहा था। उन्होंने कहा, “जहाँ भाजपा समर्थक वोट अधिक थे, वहाँ पुलिस ने मतदान प्रतिशत कम करने की साजिश रची। भगवा गमछा पहनकर आए मतदाताओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया, जबकि दूसरी ओर बिना आईडी जांच के फर्जी मतदान कराया गया।” उन्होंने मेदिनीनगर, गढ़वा और गिरिडीह जैसे क्षेत्रों में झामुमो समर्थित प्रत्याशियों द्वारा खुलेआम हथियार लहराने और मतदाताओं को धमकाने की घटनाओं का भी जिक्र किया।
सांसद ने आगे कहा कि निर्वाचन आयोग हिंसा रोकने में पूरी तरह विफल रहा। जमशेदपुर और साहिबगंज में व्यापारियों और महिला मतदाताओं को डराया गया, जबकि चक्रधरपुर में पैसे बांटे गए। आदित्य साहू के अनुसार, राज्य सरकार ने मतगणना में गड़बड़ी करने के लिए ही मेयर और वार्ड पार्षदों के वोट एक ही बॉक्स में डलवाए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा इन तमाम गड़बड़ियों के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी और जीत का दावा करते हुए कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने का निर्देश दिया है।