शेयर बाजार में हाहाकार! ट्रंप की ‘टैरिफ वॉर’ की धमकी से सहमा दलाल स्ट्रीट, सेंसेक्स-निफ्टी में भारी गिरावट

वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के कारण आज मंगलवार, २४ फरवरी को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा आयात शुल्क में १५% तक की वृद्धि और अमेरिका-ईरान तनाव के कारण निवेशकों का मनोबल टूट गया है। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी ५० दोनों ही लगभग १% की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे हैं।
गिरावट की मुख्य वजह: ट्रंप प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जो देश हालिया व्यापार समझौतों से पीछे हटेंगे, उन्हें भारी शुल्क का सामना करना पड़ेगा। वॉल स्ट्रीट की भारी गिरावट और ट्रंप की नई टैरिफ नीति ने पूरी दुनिया के बाजारों को अस्थिर कर दिया है।
आज इन स्टॉक्स पर रखें पैनी नजर:
- भारती एयरटेल: कंपनी अपने डिजिटल ऋण प्लेटफॉर्म को विस्तार देने के लिए ‘एयरटेल मनी’ में २०,००० करोड़ रुपये का बड़ा निवेश करने की योजना बना रही है।
- पेस डिजीटेक (Pace Digitek): रिलायंस इंडस्ट्रीज से लिथियम-आयन बैटरी पैक के लिए १५८.৭ करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर मिलने से इस शेयर में हलचल है।
- हिंदुस्तान जिंक: राजस्थान में जिंक पार्क के विकास के लिए त्रिपुरा ग्रुप के साथ रणनीतिक समझौता (MoU) किया गया है।
- बीपीसीएल (BPCL): १८१६.६५ करोड़ रुपये के एक्साइज डिमांड ऑर्डर के कारण यह स्टॉक दबाव में रह सकता है।
- ब्लू क्लाउड सॉफ्टटेक: अमेरिकी कंपनी ग्लोबल इम्पेक्स के अधिग्रहण की मंजूरी मिलने से निवेशकों की नजर इस पर रहेगी।
इसके अलावा लुपिन, वारी एनर्जी, संवर्धना मदरसन और मोबिक्विक के शेयर भी अपनी ताजा घोषणाओं के कारण आज रडार पर रहेंगे। बाजार के जानकारों का मानना है कि वैश्विक अनिश्चितता के चलते निवेशकों को फिलहाल सतर्क रहना चाहिए।