कोलकाता के तिलजला में आधी रात को शूटआउट! घर से बुलाकर युवक पर दागी 6 गोलियां, इलाके में तनाव

कोलकाता में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी गवाही सोमवार रात तिलजला में हुई फायरिंग ने दे दी है। बेनियापुकुर थाना क्षेत्र के तिलजला इलाके में एक मामूली विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया। आरोप है कि मोहम्मद सलमान नाम के एक कुख्यात अपराधी ने अपने साथियों के साथ मिलकर 19 वर्षीय मोहम्मद नियाज पर 5 से 6 राउंड फायरिंग की। खून से लथपथ नियाज को तुरंत एसएसकेएम (SSKM) अस्पताल के ट्रामा केयर सेंटर ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार शाम को नियाज और सलमान के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। स्थानीय लोगों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हो गया था। लेकिन रात करीब 1 बजे सलमान ने नियाज को उसके घर से बाहर बुलाया और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। नियाज के पैरों में तीन गोलियां लगी हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद सलमान और उसके साथी स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गए।

इलाके के लोगों का कहना है कि सलमान एक शातिर अपराधी है जो चोरी, डकैती और जबरन वसूली जैसी वारदातों में शामिल रहता है। स्थानीय निवासियों में पुलिस के प्रति भारी आक्रोश है, उनका आरोप है कि सलमान के काले कारनामों की जानकारी होने के बावजूद पुलिस चुप रही। फिलहाल, कोलकाता पुलिस हमलावरों की तलाश में छापेमारी कर रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।

Author
  • Author

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *