दिल्ली से लखनऊ तक खौफनाक वारदात! पत्नी और 3 बच्चों का गला रेता, कहीं बेटे ने पिता की लाश के किए टुकड़े

देश की राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दिल दहला देने वाली खबरें सामने आई हैं। उत्तरी दिल्ली के चंदन पार्क इलाके में एक महिला और उसके तीन मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, चारों का गला किसी धारदार हथियार से रेता गया है। मृतकों में 5 साल, 3 साल और 2 साल के मासूम बच्चे शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में शक की सुई महिला के पति पर जा रही है, जो पेशे से सब्जी विक्रेता है और फिलहाल फरार है। बताया जा रहा है कि दंपति के बीच अक्सर झगड़ा होता था, जो इस खौफनाक अंत की वजह बना।

वहीं, लखनऊ के आशियाना इलाके में ‘नीला ड्रम’ हत्याकांड ने सबको सुन्न कर दिया है। यहाँ एक कॉलेज छात्र ने अपने पिता मानवेंद्र सिंह (49) की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर उनके शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर एक नीले ड्रम में छिपा दिए। मृतक पैथोलॉजी लैब के मालिक थे। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी बेटा अक्षत अपने पिता की मर्जी के खिलाफ था। पिता चाहते थे कि बेटा मेडिकल प्रोफेशन में जाए या प्रतियोगी परीक्षाएं दे, जिसे लेकर घर में आए दिन विवाद होता था।

शुक्रवार को फिर से बहस होने पर अक्षत ने राइफल से पिता को गोली मार दी और फिर शव को घर की तीसरी मंजिल से नीचे लाकर एक खाली कमरे में उसके टुकड़े करने शुरू कर दिए। पुलिस ने शुरू में मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच की, लेकिन अक्षत के बयानों में बार-बार बदलाव होने पर शक गहरा गया। कड़ी पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। दिल्ली पुलिस अब फरार आरोपी पति की तलाश में जुटी है, जबकि लखनऊ पुलिस ने आरोपी बेटे को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *