“मैंने शाहबाज शरीफ को मौत से बचाया!” भारत-पाक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर डोनाल्ड ट्रंप का सनसनीखेज दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को अपने ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ संबोधन में दुनिया भर के आठ युद्धों को रोकने का श्रेय खुद को लेकर खलबली मचा दी है। ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले संभावित ‘परमाणु युद्ध’ को अपने हस्तक्षेप से रोका। उन्होंने विशेष रूप से भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को मौत के मुंह से निकाला और करोड़ों लोगों की जान बचाई।
ऑपरेशन सिंदूर और ट्रंप की थ्योरी: पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने 7 मई को पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था। ट्रंप का दावा है कि उस समय स्थिति इतनी गंभीर थी कि शाहबाज शरीफ ने उन्हें फोन कर मदद मांगी थी। ट्रंप ने कहा, “ओवल ऑफिस में मेरे पहले 10 महीनों में मैंने इजरायल-हमास, सर्बिया-कोसोवो और भारत-पाकिस्तान सहित आठ बड़े संघर्षों को खत्म किया।”
भारत ने दावों को किया खारिज: भारत सरकार ने ट्रंप के इन दावों को पूरी तरह से नकार दिया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने चुटकी लेते हुए कहा कि शांति स्थापना में अमेरिका की भूमिका शून्य थी। विदेश सचिव विक्रम मिश्री ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (DGMO) ने खुद हॉटलाइन के माध्यम से भारतीय सेना से संपर्क किया था और सैन्य अभियान रोकने का अनुरोध किया था, जिसके बाद युद्धविराम हुआ।
ट्रंप के इस बयान ने पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर शर्मिंदा कर दिया है। हालांकि पाकिस्तान ने ही ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामांकित किया था, लेकिन शाहबाज शरीफ की ‘बेबसी’ का सरेआम जिक्र करना अब उनके गले की फांस बन गया है।