SUV सवार दरिंदों का कहर! युवती से सामूहिक दुष्कर्म के बाद ऑनलाइन वसूले पैसे; कछार जिले में भारी तनाव

असम के कछार जिले में 19 फरवरी की रात को हुई एक सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। सिलचर बाईपास रोड पर सात युवकों ने एक युवती के साथ दरिंदगी की और फिर जान से मारने की धमकी देकर उससे ₹10,000 की रंगदारी भी वसूली। पुलिस ने इस मामले में मंगलवार तक दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है।

क्या है पूरी वारदात? पीड़िता उस रात अपने एक दोस्त के साथ बाईपास रोड के किनारे कार में बैठी थी। तभी एक एसयूवी (SUV) में सवार होकर सात युवक वहां पहुंचे। उन्होंने पहले युवती और उसके दोस्त के साथ बदतमीजी की और फिर दोस्त को बंधक बनाकर बारी-बारी से युवती के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपियों ने युवती को डरा-धमकाकर ऑनलाइन बैंकिंग के जरिए ₹10,000 अपने खाते में ट्रांसफर करवाए।

पत्रकार पर हमला और राजनीतिक उबाल: इस संवेदनशील मामले की रिपोर्टिंग करने पहुंचे एक स्थानीय पत्रकार पर भी हमला किया गया। बताया जा रहा है कि आरोपियों के रिश्तेदारों ने पत्रकार की बेरहमी से पिटाई की, जिसके आरोप में पुलिस ने एक और व्यक्ति को पकड़ा है। टीएमसी सांसद सुष्मिता देव ने कछार के पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगर इस मामले को दबाने की कोशिश की गई, तो वे बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

सिलचर सदर थाना पुलिस ने गैंगरेप, डकैती और जबरन वसूली की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह न फैलाने की अपील की है और फरार पांच आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी तेज कर दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *