TMC की कैंडिडेट लिस्ट में बड़ा फेरबदल! कोलकाता की कई सीटों पर कट सकते हैं दिग्गजों के टिकट

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव २०२६ के लिए तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, इस बार ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की देखरेख में तैयार हो रही उम्मीदवार सूची में कई चौंकाने वाले बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कोलकाता और उसके आसपास की सीटों पर ‘युवा बनाम अनुभवी’ के फॉर्मूले के तहत कई मौजूदा विधायकों का पत्ता कट सकता है।

बेहाला की सीटों पर सस्पेंस: शोभन चटर्जी की टीएमसी में वापसी के बाद बेहाला पूर्व और पश्चिम सीटों को लेकर चर्चा तेज है। माना जा रहा है कि बेहाला पूर्व से रत्ना चटर्जी ही उम्मीदवार रहेंगी, जबकि बेहाला पश्चिम (पार्थ चटर्जी का पूर्व निर्वाचन क्षेत्र) से ग्लैमर जगत के किसी बड़े चेहरे को मौका दिया जा सकता है। शोभन चटर्जी को उत्तर कोलकाता की किसी सीट से चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है।

वंशवाद या बदलाव? एंटाली से विधायक स्वर्णकमल साहा ने चुनाव न लड़ने की इच्छा जताई है, जिसके बाद उनके बेटे संदीप साहा को टिकट मिलना लगभग तय माना जा रहा है। मानिकतला में सुप्ति पांडे पर भरोसा बरकरार रहने की उम्मीद है। हालांकि, जोड़ासांको से विवेक गुप्ता का टिकट कटने की संभावना जताई जा रही है।

शोभनदेव और मदन मित्रा: वरिष्ठ नेता शोभनदेव चटर्जी को खड़दह की जगह दक्षिण कोलकाता की किसी सुरक्षित सीट पर शिफ्ट किया जा सकता है। वहीं, कमरहटी के ‘कलरफुल’ नेता मदन मित्रा को लेकर भी सस्पेंस बना हुआ है कि वे अपनी पुरानी सीट से लड़ेंगे या उनकी जगह बदली जाएगी। तृणमूल का अंतिम फैसला चुनाव की तारीखों के एलान के बाद ही सामने आएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *