कागज व्यापार की आड़ में क्रिकेट जुआ! राजस्थान का सट्टा किंग प्रतीक पिंचा गिरफ्तार, बिछा था डिजिटल जाल

भारत और श्रीलंका की मेजबानी में चल रहे टी-20 वर्ल्ड कप के बीच कोलकाता पुलिस ने एक बड़े क्रिकेट सट्टेबाजी रैकेट का पर्दाफाश किया है। डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की एंटी-राउडी सेक्शन (ARS) ने इंडिया एक्सचेंज प्लेस स्थित एक इमारत पर छापा मारकर मुख्य आरोपी प्रतीक पिंचा को गिरफ्तार किया है।
कागज व्यापारी के भेष में सट्टेबाज: मूल रूप से राजस्थान के बीकानेर का रहने वाला प्रतीक पिछले चार साल से हावड़ा में रह रहा था। वह खुद को कागज का व्यापारी बताता था, लेकिन उसके ऑफिस के अंदर डिजिटल एप्स के जरिए सट्टेबाजी का काला खेल चल रहा था। २२ फरवरी को भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच के दौरान यह सिंडिकेट ‘बॉल-टू-बॉल’ दांव लगवा रहा था। सूर्या के चौकों से लेकर हार्दिक के स्पेल तक, हर पल लाखों रुपये का दांव लग रहा था।
जांच और कार्रवाई: पुलिस ने मौके से ४० हजार रुपये नकद और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। आरोपी के पास से एक नामी होटल की चाबी भी मिली है, जिससे किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का अंदेशा जताया जा रहा है। कोर्ट ने प्रतीक को २ मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब सट्टेबाजी के इस ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।