सिलीगुड़ी से गौतम देब की दावेदारी पक्की? उम्मीदवार घोषित होने से पहले ही मेयर ने शुरू किया वॉल राइटिंग

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देब ने अपनी सक्रियता से सियासी पारा बढ़ा दिया है। बुधवार को उन्होंने सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर ১৭ में खुद दीवार लेखन कर टीएमसी के प्रचार की शुरुआत की। पिछले विधानसभा चुनाव में डाबग्राम-फुलबाड़ी सीट से मिली हार के बाद, मेयर ने अब सिलीगुड़ी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने के स्पष्ट संकेत दिए हैं।
सिलीगुड़ी की सियासी बिसात: गौतम देब ने हाल ही में एक सार्वजनिक मंच से कहा था कि वे अपनी जन्मभूमि सिलीगुड़ी से ही चुनाव लड़ना चाहते हैं। मेयर के रूप में उनके कार्यकाल और शहर में किए गए विकास कार्यों को तृणमूल कांग्रेस भुनाने की कोशिश कर रही है। हालांकि पार्टी ने अभी आधिकारिक सूची जारी नहीं की है, लेकिन गौतम देब के इस कदम ने विरोधियों को सतर्क कर दिया है। उन्होंने कहा, “मैंने अपने जीवन में ९ चुनाव लड़े हैं। अगर पार्टी मुझे मौका देती है, तो मैं जनता के आशीर्वाद के साथ फिर से विधानसभा जाना चाहता हूं।”