‘मदरसों में आतंकी बनते हैं तो लगवाएं CCTV’, अबू आजमी ने नीतीश राणे को दिया खुला चैलेंज

महाराष्ट्र के मालेगांव नगर निगम के बिजली विभाग में कर्मचारियों के नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल होने के बाद सूबे की सियासत गरमा गई है। महाराष्ट्र के मंत्री नीतीश राणे द्वारा मदरसों को ‘आतंक का केंद्र’ बताए जाने पर समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी ने तीखा पलटवार किया है। आजमी ने सरकार को चुनौती दी है कि अगर उन्हें शक है तो वे मदरसों में सीसीटीवी कैमरे लगवा दें।
क्या बोले नीतीश राणे? नीतीश राणे ने मालेगांव की घटना पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह हिंदू राष्ट्र है और ऑफिस में नमाज बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नमाज पढ़ने वाले कर्मचारियों को ‘जिहादी’ करार दिया और दावा किया कि मदरसों में बच्चों को कट्टरपंथ और आतंकवाद की शिक्षा दी जा रही है।
अबू आजमी का जवाब: अबू आजमी ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा, “देश के किसी भी मदरसे में आतंकी गतिविधियां नहीं होतीं। आप सीसीटीवी लगवाएं, वहां रहकर जांच करें, आपको कुछ नहीं मिलेगा।” उन्होंने कहा कि राणे केवल नफरत फैलाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। नमाज कहीं भी पढ़ी जा सकती है और यह संवैधानिक अधिकार है।