अकेलेपन की दास्तां ने बनाया रिकॉर्ड! छोटे बंदर के खिलौने के लिए दुनिया भर में मची लूट

एक नन्हा बंदर, उसकी मां की बेरुखी और एक रुई का खिलौना— इन तीनों ने मिलकर इंटरनेट पर एक ऐसी लहर पैदा की है, जिसने ई-कॉमर्स की दुनिया में तहलका मचा दिया है। जापान के इचिकावा सिटी जू के ‘पंच’ नाम के एक नन्हे बंदर की कहानी ने आज पूरी दुनिया के लोगों का दिल जीत लिया है। नतीजा यह है कि जिस ओरंगुटान टेडी को वह पकड़कर सोता था, उसकी मांग दुनिया भर में बेतहाशा बढ़ गई है।

पंच के जन्म के बाद उसकी मां और उसके झुंड ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया था। बेसहारा और अकेले पंच को चिड़ियाघर के कर्मचारियों ने सहारा दिया और उसे खेलने के लिए एक ओरंगुटान जैसा दिखने वाला टेडी बियर दिया। पंच को उस निर्जीव खिलौने से इतना लगाव हो गया कि वह उसे एक पल के लिए भी नहीं छोड़ता था। सोशल मीडिया पर जब पंच की उस खिलौने को गले लगाकर सोने वाली तस्वीरें वायरल हुईं, तो लोगों की आंखें नम हो गईं।

इस भावुक कर देने वाली घटना का असर सीधा बाजार पर पड़ा। देखते ही देखते वह खास ओरंगुटान टेडी दुनिया के कई कोनों में ‘हॉट केक’ की तरह बिकने लगा। अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया में इसकी मांग इतनी बढ़ गई है कि स्टॉक खत्म हो गए हैं। ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स पर अब यह खिलौना कई गुना ज्यादा कीमत पर बेचा जा रहा है, फिर भी लोग इसे खरीदने के लिए कतार में हैं।

हालांकि, अब पंच के लिए अच्छी खबर यह है कि उसे उसके झुंड ने वापस अपना लिया है। वह अब दूसरे बंदरों के साथ खेलता है, लेकिन उसकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। पांडा और अन्य मशहूर जानवरों के बीच अब पंच और उसके ओरंगुटान खिलौने की चर्चा हर तरफ है। कंपनियों के लिए यह एक जैकपॉट साबित हुआ है, क्योंकि एक नन्हे बंदर के इमोशनल जुड़ाव ने इस साधारण खिलौने को ग्लोबल ब्रांड बना दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *