बिधाननगर स्टेशन पर धू-धू कर जली हावड़ा लोकल! यात्रियों में मची चीख-पुकार, बाल-बाल बची जान

बुधवार शाम कोलकाता के व्यस्त बिधाननगर स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर खड़ी हावड़ा-हाबरा लोकल के इंजन के निचले हिस्से में अचानक आग लग गई। इंजन के नीचे स्थित बैटरी बॉक्स से आग की लपटें और काला धुआं निकलते देख यात्री दहशत में आ गए और जान बचाने के लिए ट्रेन से कूदने लगे।

शाम के व्यस्त समय में हुई इस घटना से पूरे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, स्थानीय लोगों और रेलवे पुलिस ने जबरदस्त सूझबूझ का परिचय दिया। जैसे ही बैटरी बॉक्स में आग की लपटें देखी गईं, वे तुरंत अग्निशमन यंत्रों के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाना शुरू किया। स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण आग को फैलने से रोक लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट लग रहा है, लेकिन जांच के बाद ही स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी। गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में बंगाल के विभिन्न स्टेशनों जैसे कटवा, सियालदह और मालदा में ट्रेनों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। बार-बार होती इन घटनाओं ने लोकल ट्रेनों के रखरखाव और यात्री सुरक्षा पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं। इस घटना के कारण सियालदह मेन सेक्शन की ट्रेनों की आवाजाही पर कुछ समय के लिए असर पड़ा, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *