Ranji Final: क्रिकेट बना अखाड़ा! जम्मू-कश्मीर के कप्तान ने कर्नाटक के खिलाड़ी को मारा ‘हेलमेट’ से सिर, BCCI ने लिया एक्शन

क्रिकेट की जेंटलमैन गेम की साख को उस समय गहरा धक्का लगा, जब हुबली में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी फाइनल में फुटबॉल के ‘जिदान’ जैसा मंजर देखने को मिला। जम्मू-कश्मीर और कर्नाटक के बीच खेले जा रहे इस ऐतिहासिक फाइनल मुकाबले में जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने कर्नाटक के खिलाड़ी केवी अनीश को हेलमेट से सिर मारकर (Headrbutt) घायल करने की कोशिश की। इस घटना ने पूरे भारतीय क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है।
यह विवाद जम्मू-कश्मीर की पारी के 101वें ओवर में हुआ। प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर चौका लगाने के बाद सिली पॉइंट पर खड़े फील्डर अनीश और डोगरा के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते गुस्सा इतना बढ़ गया कि डोगरा ने अनीश के चेहरे पर अपने हेलमेट से वार कर दिया। मयंक अग्रवाल और अंपायरों ने तुरंत बीच-बचाव किया, वरना स्थिति और खराब हो सकती थी। दिलचस्प बात यह है कि इस घटना के कुछ ही देर बाद डोगरा चोटिल होकर रिटायर्ड हर्ट हुए, हालांकि बाद में उन्होंने वापसी की और 166 गेंदों में 70 रनों की पारी खेली।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस अनुशासनहीनता को गंभीरता से लिया है। बोर्ड ने खेल भावना को ठेस पहुंचाने के लिए डोगरा पर मैच फीस का 50% जुर्माना लगाया है। रणजी ट्रॉफी के इतिहास में पहली बार फाइनल खेल रही जम्मू-कश्मीर की टीम के लिए यह विवाद एक काले धब्बे की तरह उभरा है। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद फैंस डोगरा के खिलाफ और भी सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।