‘किस्मत में दुख लिखा है!’ हावड़ा कांड पर टीएमसी सांसद सौगत रॉय की अपनी ही पार्टी को चेतावनी

पश्चिम बंगाल के हावड़ा में प्रमोटर की हत्या और बढ़ते अपराधों के बीच तृणमूल कांग्रेस के भीतर से ही बगावती सुर उठने लगे हैं। वरिष्ठ टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने अपनी ही पार्टी के नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि अगर ‘बाहुबलियों’ पर लगाम नहीं लगाई गई, तो भविष्य में “कपाल में दुख लिखा है” यानी भारी मुसीबत आने वाली है।
विधायक के साथ घूम रहा था हत्यारा! हावड़ा उत्तर से टीएमसी विधायक गौतम चौधरी और मुख्य आरोपी हारून खान के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में हारून विधायक की बाइक के पीछे बैठा नजर आ रहा है, तो दूसरे में वे साथ घूमते दिख रहे हैं। बीजेपी ने इन वीडियो को हथियार बनाकर आरोप लगाया है कि सत्ता के संरक्षण के कारण ही पुलिस अपराधियों को पकड़ने में नाकाम है।
सौगत रॉय का तीखा हमला इस पूरे विवाद पर सौगत रॉय ने कहा, “मैं इन बाहुबलियों पर भरोसा नहीं करता। ये चुनाव जीतने में मदद नहीं करते, बल्कि इनके कारण जनता खिलाफ हो जाती है। मैं कभी बाहुबलियों को अपनी गाड़ी में नहीं बिठाता।” उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अगर राजनेता अपराधियों के साथ समझौता करना बंद नहीं करेंगे, तो नागरिक समाज का भारी नुकसान होगा।
अपराध का ग्राफ और सियासी घमासान कांकुलिया से लेकर हावड़ा तक, पिछले कुछ हफ्तों में बमबाजी और शूटआउट की घटनाओं ने बंगाल को दहला दिया है। हर मामले में आरोपियों के तार सत्ताधारी दल से जुड़ते दिख रहे हैं। सौगत रॉय का यह बयान ऐसे समय में आया है जब विपक्ष लगातार टीएमसी पर अपराधियों को पालने का आरोप लगा रहा है। अब देखना यह है कि क्या उनकी यह ‘चेतावनी’ पार्टी के भीतर कोई बदलाव लाती है या नहीं।