एमपी बोर्ड परीक्षा के दौरान स्कूल के टॉयलेट में छात्रा ने दिया बच्चे को जन्म, मची अफरा-तफरी

मध्य प्रदेश के धार जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां १०वीं बोर्ड की परीक्षा के दौरान एक नाबालिग छात्रा ने स्कूल के टॉयलेट में बच्चे को जन्म दिया। यह घटना मंगलवार को पीथमपुर सेक्टर-१ स्थित एक स्कूल में तब हुई जब गणित का पेपर चल रहा था। छात्रा के पेट में अचानक तेज दर्द उठा और टॉयलेट जाते ही उसने नवजात को जन्म दे दिया। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत १०८ एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी।

स्वास्थ्य और पुलिस अपडेट: स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत काजवे ने बताया कि दोपहर २ बजे जच्चा-बच्चा को अस्पताल लाया गया, दोनों फिलहाल स्वस्थ हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि छात्रा पिछले दो साल से एक युवक के साथ रिश्ते में थी। शारीरिक संबंध के कारण वह गर्भवती हो गई थी। नाबालिग होने और गर्भपात का समय निकल जाने के कारण डॉक्टरों की सलाह पर उसने बोर्ड परीक्षा देने का फैसला किया था। छात्रा ने अपने माता-पिता को भी इस बारे में बाद में जानकारी दी थी।

पुलिस की कार्रवाई: पीथमपुर पुलिस अधिकारी चांदनी सिंगार के अनुसार, इस मामले में ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज कर जांच संबंधित थाने को सौंप दी गई है। पुलिस ने आरोपी युवक की पहचान कर ली है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छात्रा ने बताया कि वह अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहती थी, इसलिए गर्भावस्था के बावजूद परीक्षा देने आई थी। पुलिस अब इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी जल्द होने की संभावना है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *