भारत में लॉन्च होगा ‘Apple Pay’! Google Pay और PhonePe की बढ़ेगी टेंशन, बैंकों के साथ डील फाइनल

दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी एप्पल (Apple) अब भारत के तेजी से बढ़ते डिजिटल पेमेंट मार्केट में अपनी धाक जमाने के लिए तैयार है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी भारत में अपनी बहुप्रतीक्षित ‘एप्पल पे’ (Apple Pay) सर्विस लॉन्च करने की योजना बना रही है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एप्पल ने इस सेवा को शुरू करने के लिए ICICI बैंक, HDFC बैंक और Axis Bank जैसे प्रमुख भारतीय बैंकों के साथ बातचीत शुरू कर दी है।
माना जा रहा है कि अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो साल 2026 के मध्य तक एप्पल की यह सर्विस भारत में लाइव हो सकती है। बैंकों के अलावा, एप्पल ने Mastercard और Visa जैसे ग्लोबल कार्ड नेटवर्क के साथ भी चर्चा की है। हालांकि, एप्पल या संबंधित बैंकों ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि कंपनी भारतीय यूपीआई (UPI) इकोसिस्टम के साथ जुड़ने की तैयारी में है।
भारत ही क्यों है एप्पल का अगला निशाना? भारत में आईफोन यूजर्स की संख्या में जबरदस्त इजाफा हुआ है। अब केवल अमीर ही नहीं, बल्कि मध्यम वर्ग के लोग भी ईएमआई के जरिए आईफोन खरीद रहे हैं। एप्पल इसी बढ़ते यूजर बेस को डिजिटल पेमेंट की सुविधा देकर अपने इकोसिस्टम को और मजबूत करना चाहता है। वर्तमान में भारत में Google Pay, PhonePe, Paytm और WhatsApp Pay जैसे प्लेटफॉर्म्स का दबदबा है, लेकिन ‘एप्पल पे’ के आने से इस सेक्टर में प्रतिस्पर्धा और रोमांच बढ़ना तय है।