मार्च के तीसरे हफ्ते में हो सकता है चुनाव का ऐलान! बंगाल में 3 से 4 चरणों में वोटिंग की तैयारी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की आहट तेज हो गई है। राज्य में मतदाता सूची के संशोधन (SIR) का काम अपने अंतिम चरण में है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार 28 फरवरी को अंतिम सूची प्रकाशित होनी है, लेकिन इसके तुरंत बाद चुनाव की घोषणा होना मुश्किल लग रहा है। चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार, प्रशासनिक कार्यों और दस्तावेजों के सत्यापन में देरी के कारण चुनावी बिगुल मार्च के मध्य तक बजने की संभावना है।

मौजूदा पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 7 मई को समाप्त हो रहा है। संवैधानिक नियमों के मुताबिक, इससे पहले पूरी चुनावी प्रक्रिया संपन्न कर नई सरकार का गठन अनिवार्य है। आयोग के सूत्रों का कहना है कि 14 मार्च से पहले चुनाव की तारीखों का ऐलान होना संभव नहीं है। ऐसे में मतदान की शुरुआत अप्रैल के तीसरे सप्ताह में हो सकती है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार बंगाल में चुनाव 3 से 4 चरणों में निपटाया जा सकता है।

दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने इस पूरी प्रक्रिया में हो रही देरी पर सवाल उठाए हैं। टीएमसी प्रवक्ता तन्मय घोष ने कहा कि इतनी जल्दबाजी में यह काम पूरा करना संभव नहीं था, यह चुनाव आयोग को पहले ही समझ लेना चाहिए था। हालांकि, आयोग ने सुप्रीम कोर्ट को आश्वासन दिया है कि 28 फरवरी को मुख्य सूची जारी करने के बाद सप्लीमेंट्री लिस्ट भी धीरे-धीरे जारी की जाएगी। अब सबकी नजरें मार्च के दूसरे पखवाड़े पर टिकी हैं, जब चुनावी तारीखों का आधिकारिक ऐलान हो सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *