वोटों से पहले फिर दहला उत्तर बंगाल! पंचायत सदस्य पर जानलेवा हमला, भाजपा ने लगाया राजनीतिक साजिश का आरोप

पश्चिम बंगाल में चुनाव की आहट के साथ ही हिंसा का दौर फिर शुरू हो गया है। जलपाइगुड़ी जिले के हल्दिबाड़ी ब्लॉक में बुधवार रात एक भाजपा नेता पर जानलेवा हमला होने से हड़कंप मच गया है। मेखलीगंज विधानसभा क्षेत्र के पर मेखलीगंज ग्राम पंचायत के पंचायत समिति सदस्य तपन रॉय को सरेआम सीने में चाकू मार दिया गया। उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और वे जलपाइगुड़ी मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं।

जानकारी के अनुसार, तपन रॉय बुधवार रात बाजार से खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नगर साहेबगंज लीलाहाटी गांव के पास एक युवक ने उनका रास्ता रोका और गाली-गलौज शुरू कर दी। अचानक उस युवक ने चाकू निकाला और तपन रॉय के सीने में घोंप दिया। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग जब तक वहां पहुंचते, हमलावर मौके से फरार हो चुका था।

भाजपा जिला कमेटी के सदस्य अपूर्व रॉय ने इस घटना को पूरी तरह से राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने के लिए यह हमला किया गया है। स्थानीय लोगों ने आरोपी की पहचान प्रभास मंडल के रूप में की है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावर की तलाश में छापेमारी की जा रही है। इलाके में भारी तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *