‘द केरला स्टोरी २’ की रिलीज पर रोक! केरल हाई कोर्ट ने कल होने वाली रिलीज को १५ दिनों के लिए टाला

बहुप्रतीक्षित और विवादित फिल्म ‘द केरला स्टोरी २: गोज बियॉन्ड’ की रिलीज पर केरल हाईकोर्ट ने १५ दिनों का अंतरिम स्थगन आदेश जारी कर दिया है। यह फिल्म कल यानी २७ फरवरी को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने वाली थी। टीजर रिलीज के बाद से ही फिल्म को लेकर बढ़ते सामाजिक और राजनीतिक विरोध के चलते मामला अदालत तक पहुँच गया, जिसके बाद कोर्ट ने यह कड़ा फैसला सुनाया।
साल २०२३ की ब्लॉकबस्टर फिल्म के इस सीक्वल में कथित तौर पर जबरन धर्म परिवर्तन और ‘लव जिहाद’ जैसे संवेदनशील मुद्दों को फिर से उठाया गया है। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इसे ‘विषाक्त प्रचार’ करार दिया था। कोर्ट में सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता ने तर्क दिया कि यह फिल्म केरल राज्य की छवि को वैश्विक स्तर पर धूमिल करती है।
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सेंसर बोर्ड (CBFC) द्वारा फिल्म को दिए गए सर्टिफिकेट पर भी सवाल उठाए। अदालत ने आश्चर्य व्यक्त किया कि इस तरह की विवादित फिल्म को ‘ए’ (एडल्ट) सर्टिफिकेट क्यों नहीं दिया गया। निर्माताओं की जल्दबाजी पर नाराजगी जताते हुए बेंच ने स्पष्ट किया कि बिना पूरी दलीलें सुने और भावनाओं का विश्लेषण किए फिल्म को हरी झंडी नहीं दी जा सकती। फिलहाल, अगले दो हफ्तों तक फिल्म की रिलीज पर पाबंदी रहेगी।