‘बंगाल में बनेगी बीजेपी सरकार, फिर एक-एक घुसपैठिये को चुनकर निकालेंगे बाहर’, अमित शाह की दहाड़

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को बिहार के अररिया में भारत-नेपाल सीमा पर स्थित बीओपी ‘लेटी’ और ‘इंदरवा’ का उद्घाटन करते हुए पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। शाह ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बंगाल में भाजपा की सरकार बनना तय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सत्ता में आते ही सरकार का पहला और सबसे बड़ा एजेंडा सीमा पर बाड़ लगाने का काम पूरा करना और एक-एक घुसपैठिये को देश से बाहर निकालना होगा।
शाह ने सीमांचल की जनता को संबोधित करते हुए कहा, “घुसपैठियों के खिलाफ हमारी लड़ाई केवल मतदाता सूची से नाम हटाने तक सीमित नहीं रहेगी। हम हर एक घुसपैठिये को भारत की मिट्टी से बाहर भेजने के लिए संकल्पित हैं।” उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि घुसपैठ न केवल देश की सुरक्षा के लिए चुनौती है, बल्कि यह गरीबों के हक का राशन और रोजगार भी छीन रही है।
गृहमंत्री ने एक विस्तृत ‘एक्शन प्लान’ की घोषणा करते हुए कहा कि अगले तीन दिनों के भीतर केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों, जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा कर एक ठोस रणनीति तैयार की जाएगी। इस योजना के तहत सीमा के १० किलोमीटर के दायरे में आने वाले इलाकों की सघन जांच की जाएगी। उन्होंने एसएसबी (SSB) को एक विशेष एसओपी (SOP) तैयार करने का निर्देश दिया है ताकि अवैध तस्करी और घुसपैठ पर लगाम कसी जा सके। शाह का यह बयान बंगाल चुनाव से पहले सीमावर्ती इलाकों में बड़ी राजनीतिक हलचल पैदा करने वाला है।