बोर्ड परीक्षा के दौरान प्रसव पीड़ा! स्कूल के टॉयलेट में छात्रा ने दिया बच्चे को जन्म

मध्य प्रदेश के धार जिले के पीथमपुर में बोर्ड परीक्षा के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार को जब स्कूल में १०वीं कक्षा की गणित की परीक्षा चल रही थी, तभी एक नाबालिग छात्रा के पेट में तेज दर्द शुरू हुआ। वह जैसे ही टॉयलेट गई, उसने वहां एक बच्चे को जन्म दे दिया। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत १०८ एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी।
फिलहाल नाबालिग छात्रा और नवजात बच्चा पीथमपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हैं और दोनों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। स्त्री रोग विशेषज्ञ प्रशांत काजवे ने बताया कि दोपहर २ बजे उन्हें अस्पताल लाया गया था और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। स्कूल स्टाफ के अनुसार, छात्रा २४ तारीख को भी परीक्षा देने आई थी लेकिन तब उसके व्यवहार में कोई असामान्यता नहीं दिखी थी।
पुलिस अधिकारी चांदनी सिंगार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज की गई है। पूछताछ में छात्रा ने बताया कि वह पिछले दो साल से एक युवक के साथ रिश्ते में थी और उसी के कारण वह गर्भवती हुई। उसने लोक-लाज के डर से परिवार से यह बात छिपाई थी। जब पेट बढ़ा तो माता-पिता को संदेह हुआ, लेकिन समय अधिक हो जाने के कारण डॉक्टरों ने गर्भपात न कराने की सलाह दी थी। पुलिस अब उस युवक की तलाश कर रही है जिसने नाबालिग को अपनी हवस का शिकार बनाया।