अर्जुन तेंदुलकर की शादी में जुटेंगे दिग्गज! पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू को भी मिला न्योता?

क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के घर में शहनाइयां बजने वाली हैं। सचिन के बेटे अर्जुन तेंदुलकर अपनी जिंदगी की नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। अर्जुन ५ मार्च को मशहूर बिजनेसवुमेन सानिया चांद्रोक के साथ शादी के बंधन में बंधेंगे। शादी की रस्में शुरू हो चुकी हैं और इसी बीच सचिन तेंदुलकर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हो रहा है, जिसमें वे अपने बेटे और होने वाली बहू के बारे में बात कर रहे हैं।

मुंबई इंडियंस द्वारा साझा किए गए एक विशेष वीडियो में सचिन तेंदुलकर ने बेहद भावुक होकर कहा, “जब आपका बेटा किसी लड़की को घर लाकर आपसे मिलवाता है, तब आपको एहसास होता है कि वह बड़ा हो गया है। अर्जुन और सानिया एक-दूसरे के प्यार में पागल हैं।” अपने बेटे को संदेश देते हुए सचिन ने आगे कहा, “अर्जुन, मुझे तुम पर गर्व है। तुम्हें एक ऐसा जीवनसाथी मिला है जो तुम्हें उतना ही प्यार करता है जितना तुम उसे करते हो।”

अर्जुन और सानिया की सगाई अगस्त २०२५ में हुई थी। सानिया मुंबई के एक प्रतिष्ठित व्यावसायिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं और तेंदुलकर परिवार के साथ उनके पुराने संबंध हैं। ५ मार्च को होने वाले इस भव्य विवाह समारोह में देश की नामचीन हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। गेस्ट लिस्ट में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

अर्जुन तेंदुलकर ने क्रिकेट के मैदान पर भी अपनी मेहनत से जगह बनाई है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्जुन ने २०२२ में रणजी ट्रॉफी डेब्यू पर शतक लगाकर अपने पिता के रिकॉर्ड की बराबरी की थी। आईपीएल में इस बार वे लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते नजर आएंगे। क्रिकेट और निजी जिंदगी, दोनों ही मोर्चों पर अर्जुन के लिए यह साल बेहद खास होने वाला है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *