अहसान मंसूर की छुट्टी, मुस्तकुर रहमान संभालेंगे बांग्लादेश बैंक की कमान; नियुक्ति पर छिड़ी बहस!

बांग्लादेश की नई सरकार और बीएनपी नेता तारिक रहमान ने एक ऐसा फैसला लिया है जिसने पूरी दुनिया के आर्थिक विशेषज्ञों को चौंका दिया है। बांग्लादेश के इतिहास में पहली बार किसी व्यवसायी को देश के केंद्रीय बैंक यानी ‘बांग्लादेश बैंक’ का गवर्नर नियुक्त किया गया है। बुधवार को अहसान एच. मंसूर की नियुक्ति रद्द करते हुए सरकार ने गारमेंट और रियल एस्टेट सेक्टर के बड़े कारोबारी मोहम्मद मुस्तकुर रहमान को १४वां गवर्नर नियुक्त किया है।
मुस्तकुर रहमान ने गुरुवार सुबह करीब १०:४५ बजे अपना कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में कहा, “अभी आया हूं, काम शुरू करने दीजिए, फिर विस्तार से बात करेंगे।” मुस्तकुर रहमान के पास कॉस्ट मैनेजमेंट में एफसीएमए (FCMA) की डिग्री है और उन्हें ४ साल के लिए इस पद पर नियुक्त किया गया है। नियम के मुताबिक, इस कार्यकाल के दौरान वे किसी अन्य निजी संस्थान या अपने व्यवसाय की जिम्मेदारी नहीं संभाल पाएंगे।
क्या किसी व्यवसायी को गवर्नर बनाया जा सकता है? बांग्लादेश बैंक ऑर्डर १९७२ के अनुसार, सरकार के पास गवर्नर नियुक्त करने का अधिकार है और इसमें किसी व्यवसायी के नाम पर कानूनी पाबंदी नहीं है। पहले गवर्नर पद के लिए अधिकतम आयु सीमा ६७ वर्ष थी, जिसे २०२४ में हटा दिया गया था। हालांकि, एक सक्रिय व्यवसायी को बैंकिंग नियामक (Regulator) बनाए जाने को लेकर देश में चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब देखना यह होगा कि मुস্তकुर रहमान का व्यावसायिक अनुभव बांग्लादेश की डगमगाती अर्थव्यवस्था को कितनी मजबूती देता है।