‘बाहुबलियों को साथ रखा तो खैर नहीं’, हावड़ा शूटआउट पर अपनी ही पार्टी के नेताओं पर बरसे सौगत रॉय!

हावड़ा में प्रमोटर सफीक खान की हत्या के बाद मचे सियासी घमासान के बीच तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद सौगत रॉय ने अपनी ही पार्टी के नेताओं को आईना दिखाया है। हत्या के मुख्य आरोपी हारून खान के साथ हावड़ा उत्तर के टीएमसी विधायक गौतम चौधरी के वीडियो और तस्वीरें वायरल होने के बाद सौगत रॉय ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “अगर बाहुबलियों को नियंत्रित नहीं किया गया, तो भविष्य में दुख झेलना पड़ेगा।”
चुनावों से पहले कोलकाता और हावड़ा में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और उनमें सत्ताधारी दल के कथित जुड़ाव पर चिंता जताते हुए सौगत रॉय ने कहा, “मेरा अनुभव कहता है कि ये बाहुबली चुनाव में किसी काम के नहीं आते। जिस तरफ बाहुबली होते हैं, जनता उसके खिलाफ जाती है। मैं कभी बाहुबलियों को अपनी गाड़ी में नहीं बिठाता और न ही उनके साथ घूमता हूं।” उन्होंने राजनेताओं को चेतावनी दी कि अगर वे अपराधी तत्वों के साथ समझौता करना बंद नहीं करेंगे, तो नागरिक समाज को इसकी भारी कीमत चुकानी होगी।
हावड़ा उत्तर के विधायक की बाइक पर बैठे आरोपी हारून खान के वायरल वीडियो ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्ष का आरोप है कि ‘शासक करीबी’ होने के कारण ही मुख्य आरोपी अब तक फरार हैं। ऐसे में सौगत रॉय का यह बयान पार्टी के भीतर मचे अंतर्कलह और छवि सुधारने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। अब देखना यह है कि क्या उनकी यह ‘चेतावनी’ जमीन पर कोई असर डालती है।