फलों पर चूहे मारने वाला जहर! मुंबई में फल विक्रेताओं की करतूत का वीडियो वायरल, पुलिस ने किया गिरफ्तार

अगर आप बाजार से फल खरीद रहे हैं, तो सावधान हो जाइए! मुंबई के मलाड इलाके से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसे देखकर आपकी रूह कांप जाएगी। यहां दो फल विक्रेताओं को फलों पर चूहे मारने वाला जहर (Rat Poison) लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। स्थानीय निवासी कुणाल सालुंखे द्वारा रिकॉर्ड किया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक फल विक्रेता चूहे मारने वाले जहर की ट्यूब से केले पर जहरीली क्रीम लगा रहा है। पूछताछ करने पर आरोपी ने अजीब तर्क दिया कि वह खराब हो चुके केलों पर जहर लगा रहा था ताकि चूहे उन्हें खाकर मर जाएं और उसकी दुकान के अच्छे फल बच सकें। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि अनार और अन्य ताजे फलों पर भी यह जहर लगाया गया था।
इस लापरवाही ने मुंबईकरों की जान को खतरे में डाल दिया था, क्योंकि अक्सर बच्चे बिना धोए भी फल खा लेते हैं। पुलिस ने कुणाल की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों विक्रेताओं को गिरफ्तार कर लिया है। अब प्रशासन फल मंडियों और दुकानों की निगरानी बढ़ाने पर विचार कर रहा है।