बीमारी के नाम पर भेदभाव! ४ साल के बच्चे को स्कूल से भगाया, पीड़िता मां ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

पश्चिम बंगाल के बशीरहाट में एक दिल दहला देने वाली और अमानवीय घटना सामने आई है। यहाँ एक ४ साल के बच्चे को सिर्फ इसलिए आईसीडीएस (ICDS) स्कूल से निकाल दिया गया क्योंकि उसके पिता एचआईवी (HIV) पॉजिटिव हैं। बशीरहाट ब्लॉक नंबर २ के मथुरापुर इलाके में हुई इस घटना ने सामाजिक जागरूकता के दावों की पोल खोल दी है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, बच्चे के पिता का अस्पताल में इलाज चल रहा है। जैसे ही यह जानकारी इलाके में फैली, स्कूल की शिक्षिका ने मासूम को क्लास से बाहर जाने को कह दिया। जब बच्चे की माँ कारण पूछने स्कूल पहुंची, तो आरोप है कि शिक्षिका ने दो टूक कह दिया कि “पिता को ऐसी बीमारी है, इसलिए बच्चे को स्कूल में नहीं रखा जा सकता।” अपमानित माँ ने अब इस मामले की शिकायत ई-मेल के जरिए अनुमंडल अधिकारी और सीडीपीओ (CDPO) कार्यालय में दर्ज कराई है।
दूसरी ओर, आरोपी शिक्षिका ने इन आरोपों को गलत बताया है और इसे अपने खिलाफ साजिश करार दिया है। हालांकि, बीमारी को लेकर इस तरह का भेदभाव कानूनी और मानवीय दोनों तौर पर अपराध है। प्रशासन अब इस मामले की जांच कर रहा है कि क्या वाकई एक मासूम के शिक्षा के अधिकार को रूढ़िवादिता के कारण छीना गया है।