इंस्टाग्राम पर बच्चों की हर हरकत पर माता-पिता की नजर! ‘मेटा’ का बड़ा फैसला, खतरनाक सर्च पर जाएगा अलर्ट!

आज की पीढ़ी के किशोरों (Teenagers) के लिए इंस्टाग्राम केवल एक ऐप नहीं, बल्कि उनकी दुनिया बन गया है। लेकिन क्या आपका बच्चा इस प्लेटफॉर्म पर कुछ ऐसा देख रहा है जो उसकी जान के लिए खतरा हो सकता है? सोशल मीडिया की दिग्गज कंपनी ‘मेटा’ ने अब माता-पिता की चिंता दूर करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को मेटा ने घोषणा की कि यदि कोई किशोर बार-बार आत्महत्या (Suicide) या खुद को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री सर्च करेगा, तो इंस्टाग्राम सीधे उनके माता-पिता को ‘अलार्म नोटिस’ भेजेगा।
यह नया सुरक्षा फीचर अगले हफ्ते से अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा में शुरू हो जाएगा। यदि कोई कम उम्र का उपयोगकर्ता बार-बार प्रतिबंधित या संवेदनशील शब्दों का उपयोग करके सर्च करने की कोशिश करता है, तो माता-पिता को ईमेल, टेक्स्ट या व्हाट्सएप के जरिए अलर्ट मिल जाएगा। मेटा की योजना है कि २०२६ के अंत तक इस फीचर को भारत समेत दुनिया के अन्य देशों में भी लागू कर दिया जाए। इसके लिए माता-पिता को इंस्टाग्राम के ‘पैरेंटल सुपरविजन टूल’ (Parental Supervision Tool) को सक्रिय रखना होगा।
मेटा का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब दुनिया भर में बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर कड़े नियम बनाए जा रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया ने हाल ही में १६ साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्रतिबंधित किया है। मेटा के इस कदम से अभिभावकों को समय रहते यह पता चल सकेगा कि उनका बच्चा किस मानसिक स्थिति से गुजर रहा है। हालांकि इंस्टाग्राम ने पहले ही आत्महत्या से संबंधित शब्दों के सर्च को ब्लॉक कर दिया है, लेकिन नए अलर्ट सिस्टम से बच्चों की सुरक्षा की एक और मजबूत परत जुड़ जाएगी।