६ साल बाद खौफनाक खुलासा! सगे चाचा-चाची ने मासूम को मार कर एक्सप्रेस-वे के नीचे गाड़ा, खुदाई शुरू!

राजस्थान के दौसा जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। ६ साल पहले लापता हुए ४ साल के मासूम प्रिंस उर्फ तिल्लू की कहानी का अंत बेहद दर्दनाक रहा। जांच में पता चला है कि २०२० में ही प्रिंस के सगे चाचा अनिल और चाची कृष्णा ने उसकी हत्या कर दी थी और पहचान छिपाने के लिए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के किनारे ३० फीट गहरी मिट्टी में उसे दफन कर दिया था।
२०२० में प्रिंस बगीचे में खेलते हुए अचानक गायब हो गया था। राजस्थान हाई कोर्ट के कड़े रुख के बाद पुलिस ने जब सख्ती से जांच की, तो परत दर परत राज खुलते गए। पुलिस ने दिल्ली से ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार (GPR) मशीन मंगवाई, जिसने जमीन के नीचे करीब ९ मीटर की गहराई पर शव होने का संकेत दिया। पिछले तीन दिनों से दो जेसीबी मशीनें लगातार खुदाई कर रही हैं ताकि मासूम के अवशेष निकाले जा सकें।
आरोपी चाचा-चाची ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। बताया जा रहा है कि पारिवारिक रंजिश का बदला लेने के लिए उन्होंने इस मासूम की बलि चढ़ा दी। प्रिंस के पिता, जो दुबई में काम करते थे, इस दुखद खबर के बाद २१ फरवरी को भारत लौट आए हैं। उन्होंने कहा, “मुझे न्याय चाहिए, कम से कम मेरे बेटे का अवशेष मिल जाए ताकि मैं उसे विदा कर सकूं।” अदालत ने दोनों आरोपियों को १ मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।