WhatsApp Down: शुक्रवार की सुबह ठप हुई व्हाट्सएप सेवा, यूजर्स बोले- न लॉगिन हो रहा, न मैसेज जा रहा!

शुक्रवार की सुबह व्हाट्सएप यूजर्स के लिए काफी परेशानी भरी रही। भारत के विभिन्न हिस्सों से यूजर्स ने शिकायत की है कि व्हाट्सएप वेब (WhatsApp Web) और डेस्कटॉप वर्जन काम नहीं कर रहा है। कई घंटों तक यूजर्स को लॉगिन करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर शिकायतों की बाढ़ आ गई है, जहां लोग स्क्रीनशॉट शेयर कर बता रहे हैं कि बार-बार कोशिश करने के बाद भी क्यूआर कोड स्कैन नहीं हो रहा या पेज लोड नहीं हो रहा है।
डाउन डिटेक्टर के चौंकाने वाले आंकड़े: इंटरनेट आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘डाउन डिटेक्टर’ के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे से शिकायतों की संख्या में अचानक उछाल देखा गया। आंकड़ों के अनुसार, 56% लोगों को वेब वर्जन में, 36% को मोबाइल ऐप में और 6% को मैसेज भेजने में समस्या आई। विशेष रूप से आईफोन (iPhone) यूजर्स ने भी इस तकनीकी खराबी की पुष्टि की है। खातिजा शेख नामक एक यूजर ने एक्स पर पूछा, “क्या व्हाट्सएप डाउन है? किसी अन्य डिवाइस पर लॉगिन करना असंभव हो गया है।”
क्या है मौजूदा स्थिति? रिपोर्ट लिखे जाने तक (सुबह 10.47 बजे), स्थिति में काफी सुधार देखा गया है और धीरे-धीरे सेवाएं बहाल हो रही हैं। हालांकि, मेटा (Meta) की ओर से इस आउटेज पर अभी तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं आया है। हाल ही में क्लाउडफ्लेयर में तकनीकी खराबी के कारण ‘एक्स’ (X) की सेवाएं भी प्रभावित हुई थीं, और अब व्हाट्सएप में आई इस खराबी ने डिजिटल कनेक्टिविटी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऑफिस जाने वाले लोगों को इस समस्या के कारण सबसे ज्यादा परेशानी हुई क्योंकि उनका अधिकांश काम व्हाट्सएप डेस्कटॉप पर निर्भर रहता है।