Aadhaar Center Search: अब Google Maps बताएगा नजदीकी आधार केंद्र का पता, सरकार ने गूगल से मिलाया हाथ!

भारत में आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अब आपको यहां-वहां भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। भारत सरकार ने आम जनता की सहूलियत के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने दिग्गज टेक कंपनी गूगल के साथ साझेदारी की है। अब आप सीधे गूगल मैप्स (Google Maps) पर अपने नजदीकी अधिकृत आधार केंद्रों की सटीक लोकेशन और उनकी पूरी जानकारी देख पाएंगे।
क्या होगा खास? माना जा रहा है कि यह सेवा मार्च महीने से शुरू हो जाएगी। इसके जरिए यूजर्स को यह पता चल सकेगा कि किस केंद्र पर बच्चों का नामांकन होता है और कहां केवल मोबाइल नंबर या पता अपडेट करने की सुविधा है। इसके अलावा, आधार केंद्रों के खुलने और बंद होने का समय, वहां पार्किंग की व्यवस्था और दिव्यांगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी मैप पर उपलब्ध होगी।
धोखाधड़ी पर लगेगी लगाम: देश भर में संचालित लगभग 60 हजार आधार केंद्रों में से असली केंद्र की पहचान करना अक्सर मुश्किल होता है। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अनुसार, गूगल मैप्स पर केवल सत्यापित और अधिकृत केंद्रों को ही दिखाया जाएगा, जिससे फर्जी केंद्रों के जरिए होने वाली धोखाधड़ी खत्म होगी।
UIDAI के सीईओ भुवनेश कुमार ने कहा कि नागरिकों को सटीक जानकारी देना हमारी प्राथमिकता है। वहीं, गूगल इंडिया की प्रतिनिधि रोली अग्रवाल ने बताया कि इस कदम से सरकारी बुनियादी ढांचे और नागरिकों के बीच की दूरी कम होगी। भविष्य में गूगल मैप्स के जरिए ही आधार केंद्र के लिए अपॉइंटमेंट बुक करने की सुविधा भी शुरू की जा सकती है।