अमित शाह को चांदी के गणेश और मोदी को शॉल! ‘विराश’ की शादी के बाद अब रिसेप्शन में लगेगा दिग्गजों का जमावड़ा

टॉलीवुड और बॉलीवुड की पसंदीदा जोड़ी विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना अब आधिकारिक तौर पर शादी के बंधन में बंध चुके हैं। 26 फरवरी को उदयपुर में शादी के बाद, अब यह जोड़ा अपने ग्रैंड रिसेप्शन की तैयारियों में जुटा है। शुक्रवार को ‘विराश’ (ViRosh) ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें 4 मार्च को हैदराबाद में होने वाले अपने रिसेप्शन के लिए व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया।

सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में विजय और रश्मिका प्रधानमंत्री मोदी के साथ गर्मजोशी से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री को सम्मान के तौर पर एक शॉल और निमंत्रण पत्र भेंट किया। इससे पहले पीएम मोदी ने पत्र लिखकर नवदंपति को उनके नए जीवन के लिए शुभकामनाएं भेजी थीं। प्रधानमंत्री के अलावा, इस जोड़े ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की और उन्हें चांदी की गणेश प्रतिमा भेंट कर रिसेप्शन में आने का आग्रह किया। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को भी न्योता भेजा जा चुका है।

रिसेप्शन की तैयारियों के बीच, शुक्रवार को शादी के बाद पहली बार विजय और रश्मिका एक साथ कैमरे में कैद हुए। उदयपुर एयरपोर्ट पर जब यह जोड़ा हाथों में हाथ डाले पहुंचा, तो फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। रश्मिका लाल रंग के अनारकली सूट में बेहद खूबसूरत लग रही थीं, वहीं विजय व्हाइट कुर्ता-पायजामा में हैंडसम दिख रहे थे। उदयपुर के आलीशान आईटीसी मेमेंटोस में शादी की रस्में पूरी करने के बाद अब सबकी नजरें हैदराबाद के उस शाही रिसेप्शन पर हैं, जहां राजनीति और सिनेमा जगत की बड़ी हस्तियां शामिल होने वाली हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *