उत्तराखंड में सनसनी: नौवीं की छात्रा ने दिया बच्ची को जन्म, अपेंडिक्स का दर्द समझकर अस्पताल लाया था परिवार

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली १६ साल की एक छात्रा ने एक बच्ची को जन्म दिया है। परिजनों का दावा है कि उन्हें अपनी बेटी की गर्भावस्था के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उनके अनुसार, छात्रा लंबे समय से पेट में दर्द की शिकायत कर रही थी, जिसे वे अपेंडिक्स का दर्द समझ रहे थे। शुक्रवार को जब उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, तो वहां के डॉक्टरों ने जांच के बाद खुलासा किया कि छात्रा गर्भवती है।
डॉक्टरों की सलाह पर उसे श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया, जहां अल्ट्रासाउंड के बाद गर्भावस्था की पुष्टि हुई और छात्रा ने एक बच्ची को जन्म दिया। अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल इसकी सूचना बाल कल्याण समिति को दी। समिति के निर्देश पर नवजात बच्ची को रुद्रप्रयाग की एक विशेष दत्तक संस्था (Adoption Agency) को सौंप दिया गया है। संस्था के निदेशक पुनीत चौकियाल ने बताया कि बच्ची फिलहाल सुरक्षित है और दो महीने बाद कानूनी दत्तक प्रक्रिया शुरू होगी। दूसरी ओर, पुलिस ने इसे बलात्कार का मामला मानते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, पीड़िता ने अभी तक आरोपी के नाम का खुलासा नहीं किया है, जिससे पुलिस के लिए जांच एक चुनौती बनी हुई है।