क्या सचिन की तरह इतिहास दोहराएंगे रिंकू सिंह? पिता को खोने के बाद ईडन में अग्निपरीक्षा!

भारतीय क्रिकेट के इतिहास में कुछ पल भावनाओं से भरे होते हैं। साल १९९९ में सचिन तेंदुलकर ने पिता के निधन के तुरंत बाद विश्व कप में शतक जड़कर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी। आज टी-२० विश्व कप २०२६ में, रिंकू सिंह उसी मोड़ पर खड़े हैं। अपने पिता को खोने के गम के बीच, रिंकू आज कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ एक महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हो सकते हैं।
ईडन से रिंकू का खास रिश्ता आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलने के कारण रिंकू ईडन गार्डन्स को अपना दूसरा घर मानते हैं। हालांकि पिछले मैच में भारतीय बल्लेबाजी क्रम ने अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन टीम मैनेजमेंट ‘फिनिशर’ के रूप में रिंकू की काबिलियत पर भरोसा जता सकता है। क्या रिंकू आज अपनी टीम को जीत दिलाकर अपने दिवंगत पिता का सपना पूरा करेंगे? यह देखना भावुक कर देने वाला होगा।
स्पिन का सस्पेंस: वरुण या कुलदीप? गेंदबाजी विभाग में वरुण चक्रवर्ती की फॉर्म चिंता का विषय है। पिछले दो मैचों में वे काफी महंगे साबित हुए हैं। दूसरी ओर, कुलदीप यादव, जो अब तक बेंच पर बैठे हैं, ईडन की पिच पर कहर बरपा सकते हैं। कोलकाता की पिच स्पिनरों के लिए मददगार होती है, ऐसे में कुलदीप की वापसी लगभग तय मानी जा रही है।
तिलक वर्मा की फॉर्म से राहत टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी राहत तिलक वर्मा की फॉर्म है, जिन्होंने पिछले मैच में १६ गेंदों में ४४ रनों की तूफानी पारी खेली थी। हार्दिक और सूर्या भी अच्छी लय में हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या रिंकू सिंह आज वह ‘करिश्मा’ कर पाएंगे जिसकी उम्मीद हर भारतीय क्रिकेट प्रेमी कर रहा है।